सप्तग्राम पंचायत सदस्य अमल देवनाथ ने की फांसी लगाकर आत्महत्या, इलाके में शोक
- DSS Admin
- May 25, 2026
हुगली, 25 मई (हि. स.)। जिले के सप्तग्राम पंचायत के सदस्य अमल देवनाथ ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अमल देवनाथ इलाके में एक शांत और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके इस कदम से हर कोई स्तब्ध है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार रात अमल देवनाथ रोज की तरह घर लौटे थे। परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह ऊपर परिवार के साथ न सोकर नीचे के कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो उन्हें अमल का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना पाकर मगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमल देवनाथ के इस कदम के पीछे क्या कारण हो सकता है, यह समझ पाना मुश्किल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौत के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
---------------

