दक्षिणी लेबनान के दौरे में इजराइली सेना प्रमुख ने दी हिज्बुल्लाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
यरुशलम, 05 जुलाई (हि.स.)। इजराइल के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जामीर ने रविवार को दक्षिणी लेबनान में ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट कैसल के आसपास तैनात सैनिकों से मुलाकात की और कहा कि इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) हिज्बुल्लाह के खिलाफ अपने अभियान को पूरी दृढ़ता से जारी रखेगा।
सैनिकों को संबोधित करते हुए जामीर ने कहा, आईडीएफ लेबनान की धरती से सभी खतरों को समाप्त करने के लिए निर्णायक कार्रवाई जारी रखेगी। यदि युद्धविराम का उल्लंघन हुआ तो सेना तुरंत आक्रामक अभियान शुरू करने के लिए तैयार है।
हाल ही में इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में स्थित क्रूसेड काल के ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले और उसके आसपास के इलाके पर कब्जा किया है। सेना का दावा है कि किले के नीचे हिज्बुल्लाह ने सुरंगों का एक बड़ा नेटवर्क बना रखा था, जिसका इस्तेमाल इजराइल की सीमा के निकट हमलों की योजना बनाने और लड़ाकों के सुरक्षित ठिकाने के रूप में किया जाता था।
जामीर ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना की कार्रवाई अमेरिका की मध्यस्थता में हाल ही में हुए इजराइल-लेबनान समझौते के तहत तय ढांचे और सुरक्षा तंत्र के अनुरूप की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि हमारे सैनिकों या इजराइली नागरिकों के खिलाफ किसी भी खतरे का तत्काल जवाब दिया जाएगा और उसे पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।
सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि लेबनानी सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी है कि वे समझौते के तहत अपने दायित्वों का पालन करें और दक्षिणी लेबनान से हिज्बुल्लाह के लड़ाकों तथा उनके सैन्य ढांचे को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।
----------------------

