हिसार : ऊर्जा संरक्षण अभियान को आमजन तक पहुंचाना जरूरी : प्रो. बीआर कम्बोज
- DSS Admin
- May 25, 2026
एचएयू के विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
हिसार, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। आमजन को ऊर्जा
के विवेकपूर्ण उपयोग और ईंधन की बचत के लिए निकाली गई जागरूकता रैली को विश्वविद्यालय
के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने साेमवार काे झंडी दिखाकर रवाना किया।
कुलपति प्रो. कम्बोज ने ईंधन की बचत के लिए आमजन
से अनावश्यक बिजली खपत को कम करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने, ऊर्जा
दक्ष उपकरण अपनाने तथा संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने
कहा कि ऊर्जा बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी
अत्यंत आवश्यक है। ऊर्जा संरक्षण से बिजली, पेट्रोल और डीजल पर होने वाला खर्च कम होता
है जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होती है। कुलपति ने बताया कि ऊर्जा बचत से कार्बन डाइऑक्साइड
एवं अन्य ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी आती है, जिससे वायु प्रदूषण घटता है
और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलता है। साथ ही कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे
प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होता है तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने
में सहायता मिलती है।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को
दिया संदेश
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया
कि विश्वविद्यालय परिसर में निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने
ऊर्जा संरक्षण, ईंधन की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ‘ईंधन बचाओ
देश बचाओ’, ‘ऊर्जा संरक्षण अपनाएं
-उज्जवल भविष्य बनाएं’ तथा ‘कम ईंधन-स्वच्छ पर्यावरण’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया। इस अवसर
पर राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह, एनएसएस अधिकारी डॉ. लोचन शर्मा, डॉ.
दीपक कौशिक, डॉ. अरूण कुमार व डॉ. इदरीश उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय
के अधिकारी, संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

