उत्तर प्रदेश के हाथरस के सादाबाद में 23 मई (हि.स.)।शॉर्ट सर्किट से पशुशाला में लगी आग
क्षेत्र के गांव गढ़ी नौकस का मामला, आग लगने से भारी नुकसान।
हाथरस, 23 मई (हि.स.)। जिले के सादाबाद क्षेत्र स्थित गांव गढ़ी नोकस में शनिवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण एक पशुशाला में आग लग गई। घटना में एक जर्मन शेफर्ड कुत्ते की मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आगजनी से हजारों रुपये का घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
गांव गढ़ी नोकस निवासी सुनील ठाकुर के पशुओं के घेर में लगे सबमर्सिबल के स्टार्टर में अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने पशुशाला में रखे भूसे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई। उस समय भीषण गर्मी के कारण परिवार ने अपने पालतू पशुओं और कुत्ते को पशुशाला में बांध रखा था। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि पशुशाला में बंधी भैंस झुलस गई और जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता आग में झुलसने के कारण मर गया। आगजनी में चारपाई, कुर्सी, तख्त और भूसा समेत कई घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान सुनील ठाकुर ने बताया कि आग से उनका काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण पशुओं और पालतू कुत्ते को दोपहर में पशुओं के घर में बांधा गया था। झुलसी हुई भैंस की हालत गंभीर बनी हुई है।
------------

