कटमनी का पैसा वापस मांगने पर हमला, तृणमूल पार्षद समेत पांच गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
जलपाईगुड़ी, 02 जून (हि. स.)। राज्यभर में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी और जनाक्रोश की घटनाओं के बीच जलपाईगुड़ी जिले के माल नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 के तृणमूल पार्षद अजय लोहार समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित तौर पर कटमनी लेने और बाद में पैसा वापस मांगने पर एक परिवार के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है।
पीड़ित बिपुल बर्मन और उनकी पत्नी प्रीतिलता बर्मन का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन देकर उनसे पैसे लिए गए थे। लेकिन उन्हें न तो योजना का लाभ मिला और न ही उनकी दी गई रकम वापस की गई। हाल ही में उन्होंने पार्षद अजय लोहार से अपना पैसा लौटाने की मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद दंपति ने मालबाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद पार्षद और उनके समर्थकों की ओर से शिकायत वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जाने लगा। जब दंपति ने शिकायत वापस लेने से इनकार करने पर सोमवार रात बिपुल बर्मन पर हमला कर दिया गया।
प्रीतिलता बर्मन का आरोप है कि मालबाजार के चौपाटी इलाके में घर लौटते समय उनके पति को पार्षद के लोगों ने घेरकर पीटा। गंभीर रूप से घायल बिपुल बर्मन को मालबाजार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद प्रीतिलता ने थाने में एक और शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने पार्षद अजय लोहार, उनके भाई आनंद लोहार तथा मालबाजार टाउन ब्लॉक तृणमूल के एक अध्यक्ष समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कटमनी लेने, शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और मारपीट के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
---------------

