जशपुर में ग्रामीणों की सतर्कता से कुख्यात बादी गिरोह का शातिर चोर रंगे हाथ गिरफ्तार, दो साथी फरार
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
जशपुर, 04 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर पुलिस को चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लोदाम थाना क्षेत्र में बकरी चोरी करने की नीयत से घुसे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष), निवासी टुकूपारा, सीतापुर (सरगुजा) के रूप में हुई है। हालांकि, इस दौरान उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस सरगर्मी से जुटी हुई है।
यह पूरी घटना लोदाम बैगाटोली निवासी पीड़ित किशुन राम के घर पर घटित हुई। बीती रात करीब दो बजे जब पीड़ित अपने घर में सो रहा था, तभी पड़ोसियों ने उसे फोन पर सूचना दी कि उसके घर के बाहर एक संदिग्ध गाड़ी काफी देर से खड़ी है और कुछ लोग इधर-उधर घूम रहे हैं। जब किशुन राम घर से बाहर निकला, तो उसने देखा कि उसके दूसरे कमरे और मवेशी कोठे (गोहार) का दरवाजा टूटा हुआ था। चोरों ने पेटी और अलमारी का ताला तोड़कर सामान बिखेर दिया था और कोठे से करीब 17 हजार रुपये कीमत के एक बकरा और एक बकरी चोरी कर चुके थे।
चोरों की भनक लगते ही ग्रामीण और ग्राम कोटवार तुरंत सतर्क हो गए और उन्होंने घेराबंदी कर भाग रहे एक आरोपित अनीष खान को दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह सीतापुर से अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर इस क्षेत्र में चोरी करने आया था। पकड़े गए आरोपित के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, घटना में इस्तेमाल की जाने वाली टांगी, मोबाइल, टॉर्च और टेप बरामद किया गया है। ग्रामीणों ने आरोपित को तुरंत लोदाम पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे आज गुरुवार काे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
इस मामले पर जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जागरूक ग्रामीणों के सहयोग से कुख्यात बादी गिरोह के इस सदस्य को पकड़ने में सफलता मिली है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपित के खिलाफ पहले भी कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सभी मामलों की बारीकी से जांच कर रही है और फरार आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------

