सत्ताधारी जेडपीएम ने की मिजोरम राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
आइजोल, 03 जून (हि.स.)। सत्ताधारी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने मिजोरम राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। जेडपीएम के उपाध्यक्ष सी. लालनुनेमा ने पार्टी प्रवक्ता के लालतुंगकिमा को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
बुधवार को राजधानी आइजोल में पार्टी ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम में, जेडपीएम के उपाध्यक्ष सी. लालनुनेमा ने 18 जून को होने वाले राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के चुनाव के लिए लालतुंगकिमा के नाम की आधिकारिक घोषणा की।
मिजोरम की 40 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस का केवल एक विधायक है। इसलिए, अभी यह पक्का नहीं है कि कांग्रेस इस चुनाव में कोई उम्मीदवार उतारेगी या नहीं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लालरेमरूता रेंथलाई ने कहा कि आने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार न उतारने की संभावना बहुत ज़्यादा है।
वैसे, मौजूदा विधानसभा में जेडपीएम के 27 विधायक हैं। दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के पास 10 विधायक हैं और भाजपा के पास 2 विधायक हैं। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि एमएनएफ जल्द ही अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।--------------------

