जौनपुर दूल्हा हत्याकांड न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन, ओमप्रकाश राजभर का पुतला फूंका

दुल्हा हत्याकांड में प्रदर्शन करते हुए परिजन

जौनपुर, 19 मई (हि.स.)। यूपी के जनपद जौनपुर स्थित खेतासराय थाना क्षेत्र में एक मई को हुए चर्चित दूल्हा हत्याकांड में अब तक मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और सामाजिक संगठनों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। विरोध प्रदर्शन किया।

भगवान निषादराज समाज पार्टी के नेतृत्व में जोगियापुर से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाला गया। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ नारा लगाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस वास्तविक आरोपितों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। मृतक दूल्हा आजाद बिंद की बहन सौम्या ने कहा कि पुलिस केवल छोटे और गरीब लोगों को गिरफ्तार कर मामले की खानापूर्ति कर रही है। जबकि हत्या के मुख्य साजिशकर्ता खुलेआम घूम रहे हैं।

सौम्या ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपित गिरफ्तारी से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन की लापरवाही के कारण 18 दिन बीत जाने के बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने सुभासपा प्रमुख के बयान को भी निंदनीय बताते हुए निष्पक्ष जांच और मुख्य आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

भगवान निषादराज समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार निषाद ने कहा कि मामले का मुख्य आरोपित एक लाख रुपये का इनामी होने के बावजूद पुलिस की पकड़ से बाहर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। धर्मेंद्र निषाद ने दावा किया कि आरोपितों की तस्वीरें कुछ प्रभावशाली नेताओं के साथ मौजूद हैं, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की गई।

   

सम्बंधित खबर