
सभासदों ने अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाया, कल फिर होगी बैठक
जौनपुर, 29 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक शुक्रवार देर शाम हंगामे के बाद स्थगित कर दी गई। बजट और नगर पालिका द्वारा कराए गए कार्यों की समीक्षा को लेकर बुलाई गई इस बैठक में सभासदों और अध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई।
बैठक के दौरान कार्यों की समीक्षा को लेकर गरमागरमी बढ़ गई। सभासदों ने जमकर हूटिंग की और अध्यक्ष से काफी बहस हुई। स्थिति को देखते हुए सदन को आज के लिए स्थगित कर दिया गया और अगली बैठक शनिवार को आहूत की गई है।
इस मामले में सभासदों ने अध्यक्ष मनोरमा मौर्य पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा मनमाने ढंग से काम कराए जाते हैं, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती। साथ ही, कार्यों का भुगतान भी समय पर नहीं होता और योजनाओं को बनाते समय उनसे कोई राय-मशवरा नहीं लिया जाता। सभासदों के अनुसार, अध्यक्ष की मनमानी के कारण बोर्ड की बैठक कराना संभव नहीं है।
वहीं, अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य बजट के अनुसार ही कराए जा रहे हैं, लेकिन कुछ सभासदों द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बातचीत के माध्यम से इस मामले का हल निकाल लिया जाएगा।इस गतिरोध के बाद, बोर्ड की बैठक शनिवार को एक बार फिर बुलाई गई है, जिसमें इन मुद्दों पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

