रामगढ़, 18 मई (हि.स.)। शशि भूषण प्रसाद नामक युवक ने अपना काम कराने के लिए कई लोगों को पैसे दिए। लेकिन किसी ने भी उसका काम नहीं किया। यहां तक कि उसके रुपये भी उसे नहीं लौटाए।
शहर के कोइरी टोला निवासी शशि भूषण प्रसाद से कई लोगों ने मिलकर साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। शशि भूषण प्रसाद ने रामगढ़ पुलिस को बताया कि उन्होंने छह मामलाें का समाधान कराने के लिए वर्ष 2022 से 2024 के बीच अधिवक्ता रोहित प्रकाश को 01 लाख रुपये दिए थे। लेकिन अभी तक कोई भी मामला का समाधान नहीं किया गया।
इसके अलावा उन्होंने अधिवक्ता प्रभाकर श्रीवास्तव और सुबोध पांडे को सहारा इंडिया में निवेश किए गए रकम का भुगतान कराने के लिए वर्ष 2022 में 70 हजार रुपये का भुगतान किया था। इसके एवज में उन लोगों ने उपभोक्ता निवारण फोरम में मामला दर्ज कराया था। लेकिन आज तक उसमें कोई नतीजा नहीं निकला।
इसके अलावा नई सराय सीसीएल हॉस्पिटल के रहने वाले भक्ति घासी को रहने और बच्चों की पढ़ाई के लिए जनवरी 2025 और मई 2025 में 80 हजार रुपये यूनियन बैंक आफ इंडिया शाखा के माध्यम से दिए थे। लेकिन वह पैसा भी शशि भूषण को वापस नहीं मिला। इसके अलावा गोलपार, पुरनी मंडप निवासी संजय कुमार सिंह को पारिवारिक सदस्यों के इलाज कराने के लिए वर्ष 2025 में 01 लाख रुपये दिया था। वह पैसा भी उन्हें वापस नहीं मिला। मामले पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि शशि भूषण प्रसाद के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------

