इंडिया गठबंधन के एक प्रत्याशी की हार के बाद सभी विधायक रहें एकजुट : पांडेय
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
रांची, 19 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो के सभी 34 विधायकों ने इंडिया गठबंधन के दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में शत-प्रतिशत वोट दिया है। वह स्वयं पार्टी एजेंट के रूप में पूरे मतदान के दौरान मतदान केंद्र में मौजूद थे और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखे हुए थे।
उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के एक प्रत्याशी की हार के बाद सभी विधायक एकजुट रहें। पांडेय ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह बातें कही।
विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनाव से पहले गठबंधन दलों की कई बैठकें की थीं। मतदान को लेकर रणनीति बनाई गई थी। विधायकों को चुनाव प्रक्रिया की व्यापक जानकारियां देने के लिए बकायदा अभ्यास (मॉक ड्रिल) भी कराया गया था। इन सभी प्रयासों के बावजूद गठबंधन के एक प्रत्याशी का चुनाव हार अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। महासचिव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव परिणाम की महागठबंधन में समीक्षा की जाएगी। यह देखा जाएगा कि किन कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका। ताकि, भविष्य में ऐसी कमियों को दूर किया जा सके और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई में इंडिया गठबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
---------------

