दुबई के बाजारों में बिकेंगे रामगढ़ के किसानों के उत्पादित आम्रपाली आम
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
रामगढ़, 04 जून (हि.स.)। जिले के किसानों का एक अलग ही स्थान है। यहां की सब्जियां प्रदेश की राजधानी रांची के बाजारों की शोभा तो बढ़ती ही रही हैं। लेकिन अब दुबई के बाजारों में भी रामगढ़ जिले के बागानों में फले आम बिकेंगे। जिला प्रशासन के प्रयास से जिले की बंजर भूमि में लगाए गए पेड़ अब किसानों के लिए वरदान बन गए हैं। यहां की सब्जियों के बाद अब फलों का व्यापार लोकल मार्केट से ग्लोबल मार्केट तक पहुंच गया है। गुरुवार को डीसी ऋतुराज ने आम के बेहद उम्दा किस्म आम्रपाली का एक ट्रक अंतरराष्ट्रीय मार्केट के लिए रवाना किया।
झारखंड सरकार की ओर से संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर से एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई। डीसी ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से चार टन (4,000 किग्रा) आम की विशेष पैकेजिंग खेप को हरी झंडी दिखाकर अंतरराष्ट्रीय बाजार (दुबई) के लिए रवाना किया गया।
यह आम दुलमी और गोला प्रखंड के किसानों की ओर से उत्पादित किया गया है। जिसे रामगढ़ झारखंड अम्रपाली ब्रांड नाम से वैश्विक स्तर के बाजारों से जोड़ा जा रहा है। इस पूरे अभियान में डीआरडीबी मनरेगा टीम और मनोन्नति महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी
ने सराहनीय भूमिका निभाई। इसके सहयोग से महिला किसानों की मेहनत आज लोकल से अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में तक पहुंच रही है।
योजना के प्रभाव और इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए डीसी ऋतुराज ने कहा कि जो भूमि कभी बंजर और अनुपयोगी समझी जाती थी, आज बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभ से वह लहलहा रही है। जिला प्रशासन और मनोन्नति महिला किसान के तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन से हमारे किसानों ने पौधा लगाने से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार से अच्छा मुनाफा कमाने तक का सफर तय किया है। यह हमारे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, प्रभारी पदाधिकारी (सामान्य शाखा) रीना कुजूर, जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत, परियोजना पदाधिकारी अनुजा राणा, फणींद्र कुमार गुप्ता, अजीत कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी (मनरेगा) विजय कुमार सहित अन्य प्रगतिशील महिला किसान उपस्थित थे।
---------------

