यमुनानगर: बाढ़ व जलभराव के मुद्दे पर कांग्रेस ने चलाया जनअभियान, सांसद मुलाना ने सरकार को घेरा
- Vijesh Sharma
- Jun 02, 2026

यमुनानगर, 02 जून यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जनजागरण अभियान का आगाज किया। अंबाला से सांसद वरुण मुलाना ने सोम नदी के समीप खानूवाला गांव में किसानों, ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध कार्यक्रम में भाग लेते हुए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रभावित लोगों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी और स्थायी समाधान की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि वर्षा ऋतु से पहले नदियों, नालों और जल निकासी तंत्र की समुचित सफाई नहीं कराई जाती, जिससे बरसात के दौरान हालात गंभीर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और बाढ़ नियंत्रण संबंधी तैयारियों में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती, जिसका खामियाजा ग्रामीणों और किसानों को भुगतना पड़ता है। सांसद ने वर्ष 2024 की बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि सोम नदी का तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बाद खानूवाला गांव में कई फीट तक पानी भर गया था। स्थिति इतनी विकट हो गई थी कि अनेक परिवारों को अपने घर छोड़कर अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर आश्रय लेना पड़ा। उन्होंने इसे प्रशासनिक तैयारियों की कमी का उदाहरण बताया। वरुण मुलाना ने कहा कि सरकार हर वर्ष बाढ़ प्रबंधन पर बड़े बजट खर्च करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसके परिणाम दिखाई नहीं देते। उन्होंने मांग की कि बाढ़ सुरक्षा और जल निकासी से जुड़े कार्यों की पारदर्शी समीक्षा कराई जाए। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान पूर्ण होने के बाद राज्यपाल के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र के लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता यमुनानगर से चंडीगढ़ तक पैदल मार्च करने पर विचार करेंगे।

