मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र के लिए जरूरी : विनोद पांडेय
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
गढ़वा, 30 जून (हि.स.)।
। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से मंगलवार को शहीद नीलांबर-पीतांबर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हूल दिवस के शहीद सिद्धो-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटने नहीं देने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री एवं केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि बीएलए पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएं और मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। शिविर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलए-2 को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बूथ स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। शिविर में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, बीएलए-2, बूथ प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------

