बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज के बड़हरवा में अवैध खनन का लगाया आरोप, ईडी-सीबीआई जांच की मांग
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
रांची, 29 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज जिले के बड़हरवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड की जल, जंगल और जमीन राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, लेकिन सरकार इनके संरक्षण में विफल रही है।
मरांडी ने दावा किया कि बड़हरवा क्षेत्र में करीब 10 एकड़ भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इससे संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि साहिबगंज के नींबू पहाड़ में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के कथित अवैध खनन का मामला पहले भी सामने आ चुका है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकी।
मरांडी ने राज्य सरकार पर पिछले सात वर्षों में खनन व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मामले का संज्ञान लेकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
हालांकि, मरांडी के इन आरोपों पर राज्य सरकार या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।-------------

