रांची, 08 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को भारतीय जनता पार्टी की ओर से समर्थन देने की आलोचना की है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने मामले पर साेमवार काे प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा का यह निर्णय लोकतांत्रिक मूल्यों के बजाय थैलीशाही और धनबल की राजनीति को बढ़ावा देने वाला है।
उन्होंने ने कहा कि भाजपा का यह कदम इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि उसे अब अपने ही नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन पर भरोसा नहीं रह गया है। जिस पार्टी के पास देश और राज्य में बड़ा संगठन होने का दावा है, वह यदि राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार खड़ा करने के बजाय एक निर्दलीय उम्मीदवार के पीछे खड़ी होती है, तो यह उसके आत्मविश्वास की कमी को दर्शाता है।
सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार विचारधारा और सिद्धांतों की राजनीति की बात करती है, लेकिन व्यवहार में वह धनबल और प्रभावशाली व्यक्तियों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है। राज्यसभा जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था में ऐसे समर्थन का संदेश यह जाता है कि भाजपा जनसंघर्ष से निकले नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं के बजाय संसाधन संपन्न लोगों को प्राथमिकता दे रही है।
---------------

