किसानों के मुद्दे पर सभी प्रखंड मुख्यालयों पर भाजपा 15 से देगी धरना
- DSS Admin
- May 13, 2026
रांची, 13 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार की किसानों से की गई वादाखिलाफी सहित अन्य सभी मुद्दे को लेकर 15 से लेकर 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम का ऐलान किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महागठबंधन सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों को लेकर कई बड़े बड़े वादे किए थे, उन वादों को पूरा करने में हेमंत सरकार नाकाम साबित हुई है।
झामुमो और कांग्रेस ने अलग अलग जारी अपने घोषणा पत्र में किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने, वन उत्पादों के एमएसपी में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने, कृषि कार्य के लिए फ्री बिजली देने, किफायती दर पर खाद बीज, कृषि उपकरण देने सहित कई वादे किए। लेकिन सरकार बनते ही यह सरकार उन्हें भूल गई। किफायती दर पर खाद देने की बात तो दूर उल्टे उसकी कालाबाजारी की जा रही है।
266 वाली यूरिया की बोरी 550 से लेकर 800 रुपये तक बेची गई है और तो और झारखंड में पीडीएस के नमक तक की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की ओर से चलाई जा रही मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को हेमंत सरकार ने बंद कर दिया है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी अवरोध पैदा किया गया। साहू ने कहा कि मौजूदा हेमंत सरकार पूरी तरह किसान और गरीब विरोधी है। इस सरकार का चेहरा पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।
साहू ने बेमौसम बारिश और इसके साथ भारी ओलावृष्टि से किसानों को हुई क्षति को लेकर राज्य सरकार से किसानों को उचित मुआवजे देने की भी मांग की है।
---------------

