नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत में दिखेगी 2027 की तैयारी की झलक
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
गोरखपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के औपचारिक रूप से गोरखपुर में प्रथम आगमन और स्वागत की तैयारी को क्षेत्रीय पदाधिकारियों की सर्किट हाउस में आहूत बैठक में अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान स्वागत कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अलग अलग जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय महामंत्री व स्वागत कार्यक्रम के संयोजक सुनील गुप्ता ने बताया कि नए क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय अब दो जुलाई को आजमगढ़ से चलकर सुबह साढ़े दस बजे कार्यक्रम स्थल योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह आयेंगे। यहां आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम और क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक के उपरांत क्षेत्रीय कार्यालय ( रानीडीहा) जायेंगे और कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद गौरखनाथ मंदिर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय भी जाने की योजना है।
क्षेत्रीय महामंत्री व सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला ने अपनी देखरेख में हो रहे स्वागत कार्यक्रम की तैयारी की जानकारी दी। बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ शंख ध्वनि और ढोल नगाड़ा बजाकर क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं नव नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।
क्षेत्रीय महामंत्री के अनुसार स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी, मोर्चो के क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सांसद व विधायकगण, 2022 के विधानसभा एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी गण (जो विजयी नहीं हुए), पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा सभी ब्लाक प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है।
तैयारी बैठक में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदत्त जैन, उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंहा, विश्वजीतांशु सिंह आशु, छट्ठे लाल निगम, संजीव राय, मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, कोषाध्यक्ष अनूप अग्रवाल, गोरखपुर महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महामंत्री अच्युतानंद शाही, पंकज जायसवाल, राहुल गिरी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

