अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग समय पर करें पूरा, नहीं तो कार्रवाई : उपायुक्त
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
रांची, 02 जून (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन, अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान और जनगणना कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरी करें। कार्य में कोताही बरतने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और समावेशिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलए और बीएलए-2 के साथ जल्द बैठक आयोजित करने और आपसी समन्वय से मतदाता सत्यापन कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मतदाताओं को घोषणा-पत्र एवं गणना-पत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले 11 स्वीकृत दस्तावेजों की जानकारी देने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने भवनों पर निर्धारित मानक के अनुसार स्टिकर लगाने, प्रत्येक परिवार का सही विवरण दर्ज करने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------

