उत्तर बंगाल में आपदा स्थिति की समीक्षा के लिए आज उत्तरकन्या में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
सिलीगुड़ी, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज एक बार फिर उत्तर बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। दो महीने के भीतर यह उनका तीसरा दौरा होगा। शुक्रवार को वे सिलीगुड़ी पहुंचेंगे और उत्तरकन्या में प्रशासनिक बैठक कर उत्तर बंगाल के आठ जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक दोपहर दो बजे शुरू होने वाली है। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री कोलकाता लौट जाएंगे।
दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी के प्रशासनिक अधिकारी बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे। जबकि उत्तर बंगाल के अन्य जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल और कुछ मंत्रियों के भी आने की संभावना है।
राज्य के वित्त राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने बताया, हमारी सरकार उत्तर बंगाल को कितना महत्व देती है, यह मुख्यमंत्री की प्रशासनिक पहल से स्पष्ट है। उत्तर बंगाल अब उपेक्षित नहीं रहेगा।
प्रशासन को मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी गुरुवार को ही मिली, जिसके बाद दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी के अधिकारी तत्काल उत्तरकन्या पहुंचकर बैठक की तैयारियों में जुट गए।
नौ मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने पहली बार 20 मई को उत्तर बंगाल का दौरा किया था, जहां उत्तरकन्या में जिला प्रशासन के साथ बैठक में प्राकृतिक आपदाओं पर विशेष चर्चा हुई थी। इसके बाद 16 जून को वे कर्सियांग में जनकल्याण शिविर में शामिल हुए थे। शुक्रवार का दौरा दो महीने के भीतर उनका उत्तर बंगाल का तीसरा दौरा होगा।

