देवघर में 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

देवघर, 08 जून (हि.स.)। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जसीडीह थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बिहार के भागलपुर से देवघर आकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जसीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपित की पहचान छोटू कुमार (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।

इस संबंध में जसीडीह थाना में आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। हाल के दिनों में हुई लगातार कार्रवाइयों से नशा कारोबारियों पर दबाव बढ़ा है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर