सीसीएल में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर शुरू
- DSS Admin
- May 18, 2026
रांची, 18 मई (हि.स.)।
सीसीएल मुख्यालय रांची की ओर से सोमवार को गांधी नगर क्रीड़ागन में आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
18 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाले इस शिविर में कुल 253 बच्चे भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात के 8.30 बजे तक चलेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए शिविर का उद्घाटन सीसीएल के महाप्रबंधक (वित्त) डी देवी प्रसाद ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं, जो जीवन में सफलता का आधार हैं।
उन्होंने बच्चों से शिविर का पूरा लाभ उठाने और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की ओर से क्रिकेट और वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
वॉलीबॉल प्रशिक्षण निशिकांत पाठक, संजय ठाकुर और सतीश कुमार दे रहे हैं, जबकि क्रिकेट प्रशिक्षण जीशान खान, धनंजय सेंद्रिय और लालन सिंह के निर्देशन में चल रहा है। प्रतिभागियों में क्रिकेट के 102 और वॉलीबॉल के 151 खिलाड़ी शामिल हैं। शिविर के सफल संचालन में मोहित राज मिंज, रवि शंकर मंडल और राकेश कुमार पाठक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
---------------

