रामगढ़ उपायुक्त ने एसआईआर को लेकर की बैठक, राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
- DSS Admin
- May 25, 2026
रामगढ़, 25 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ऋतुराज, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि झारखंड में एसआईआर के तहत क्वालीफाइंग डेट 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने के संबंध में भी चर्चा की गई।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि योग्य मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना जरूरी है।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने और पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की जल्द प्रतिनियुक्ति करने का भी आग्रह किया गया। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।-------------

