सद्भावना समिति की बैठक में एकता अखंडता पर जोर, डीसी एसपी ने दिया निर्देश

रांची, 20 जनवरी (हि.स.)। रांची जिला प्रशासन और सर्वधर्म सदभावना समिति के संयुक्त प्रयासों से मंगलवार को समाहरणालय में सदभावना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

इस अवसर पर विशेष तौर पर आगामी पर्व-त्योहारों की शांतिपूर्ण तैयारी, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और आपसी सहयोग सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय के कारण रांची में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। आने वाले समय में भी इसका ख्याल रखा जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने और केवल सत्यापित व सकारात्मक संदेशों के आदान-प्रदान करने की अपील की।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने भी समिति के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह का सहयोग मिलने से जिले में कानून-व्यवस्था मजबूती बनी रहेगी। मौके पर समिति के सदस्यों सहित प्रशासन ने शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ, उप प्रशासक रांची नगर निगम रांची, गौतम कुमार, सर्वधर्म सदभावना समिति के प्रमुख सदस्य डॉ अजीत सहाय, जय सिंह यादव सहित अन्‍य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

   

सम्बंधित खबर