डीसी ने की वाटर टास्क फोर्स की बैठक, दिए कई निर्देश

रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।

रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय वाटर टास्क फोर्स की बैठक की। इस दौरान डीसी ने कई निर्देश दिए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गर्मी के मौसम में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम जनों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष शिविरों की प्रगति की समीक्षा करना था।

बैठक के दौरान डीसी ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार 2 से 15 मई तक आयोजित किए जा रहे विशेष जलापूर्ति शिविरों के तहत विभिन्न प्रखंडों में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्रखंडवार आयोजित शिविरों, प्राप्त शिकायतों, उनके निष्पादन एवं आम जनों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 365 जलापूर्ति योजनाओं की मरम्मती सुनिश्चित की गई है। इनमें 290 चापानल, 71 जल मीनार, 1 पानी टैंकर तथा 3 अन्य जलापूर्ति योजनाएं शामिल हैं।

इस पर डीसी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जलापूर्ति से संबंधित कार्यों में और अधिक तेजी लाने की आवश्यकता है ताकि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।

इसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बुधवार को आयोजित होने वाले शिविरों में स्वयं सक्रिय रूप से भाग लें एवं आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें।

उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया ताकि जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर