राजयोग ध्यान से मिलती है मानसिक शांति और आंतरिक शक्ति : डॉ. पवन वर्णवाल

रांची, 28 जून (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र, चौधरी बगान (हरमू रोड) में रविवार को डॉक्टर्स दिवस और चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) दिवस के पूर्व सप्ताह के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों और चार्टर्ड एकाउंटेंटों ने आध्यात्मिकता, मानसिक शांति और जीवन मूल्यों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोचिकित्सक डॉ. पवन वर्णवाल ने कहा कि राजयोग ध्यान चिकित्सकों को मानसिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ मरीजों के प्रति सहानुभूति, संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण कार्य वातावरण में मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए ध्यान अत्यंत उपयोगी है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमकुम विद्यार्थी ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक पेशे से जुड़े लोगों के लिए मानसिक शांति बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान में उन्हें विशेष शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ, जो जीवन और कार्य दोनों में संतुलन बनाए रखने में सहायक है।

चार्टर्ड एकाउंटेंट संस्थान, रांची चैप्टर के चेयरमैन अनीश जैन ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देती है। वहीं संस्थान के सचिव दिलीप कुमार ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजयोग का ज्ञान कठिन परिस्थितियों में भी व्यक्ति को आंतरिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान करता है।

रांची चैप्टर के उपाध्यक्ष विवेक खोवाल ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को निःस्वार्थ प्रेम, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक जीवनशैली समाज में बेहतर संबंधों और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रशासिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने चिकित्सकों और चार्टर्ड एकाउंटेंटों के समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उन्हें आगामी डॉक्टर्स दिवस और सीए दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने वाले सभी पेशेवर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. प्रियंका, डॉ. हिमांशु, सीए शुभम केसरी, सीए श्रृंखला खोवाल सहित कई चिकित्सक, चार्टर्ड एकाउंटेंट, ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।--------------

   

सम्बंधित खबर