पूर्व मंत्री ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया निरीक्षण

दुमका, 11 जून (हि.स.)। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने गुरुवार को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। अस्पताल में दवाइयों की कमी, अल्ट्रासाउंड सेवा में अव्यवस्था, विभिन्न विभागों में संसाधनों की कमी तथा अडानी ऑक्सीजन प्लांट बंद रहने के मुद्दे को लेकर उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग को कटघरे में खड़ा किया।

निरीक्षण के दौरान शाही ने कहा कि फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थापना और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल की नींव उनके कार्यकाल में रखी गई थी और इसका उद्देश्य संथाल परगना के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। लेकिन आज अस्पताल की स्थिति देखकर उन्हें काफी दुख और निराशा हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर दवाइयां नहीं मिल रही हैं, कई आवश्यक जांच सेवाएं प्रभावित हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शाही ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ इरफान अंसारी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरीके से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्था बदहाल हो चुकी है, उससे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को चापाकल में कूद कर मर जाना चाहिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर