ईएसआईसी अस्पतालों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शुरू

रांची, 12 मई (हि.स.)। एम्पलाई स्टेट इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (ईएसआईसी) की ओर से 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वर्षभर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही झारखंड में यह स्वास्थ्य जांच अभियान ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल नामकुम तथा ईएसआईसी हॉस्पिटल आदित्यपुर में संचालित किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा ने नामकुम स्थित ईएसआईसी मॉडल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी पहल का शुभारंभ केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांदाविया ने सात मई 2026 को नई दिल्ली से किया था। अब रांची में भी इसका लाभ मिलेगा।

ईएसआईसी प्रशासन ने नियोक्ताओं से श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत श्रमिकों के लिए पैथोलॉजी जांच, ईसीजी, एक्स-रे, रक्तचाप एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार सहित कई अधिकारी, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर