देवघर 17 मई (हि.स.)। देवघर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला से संचालित ब्राउन शुगर तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें में शेख इस्ताजुल (25) और मीर समद (23 ) पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के निवासी हैं, जबकि रोहित कुमार (26) मोहनपुर थाना क्षेत्र के लतासारे गांव तथा नीरज कुमार महथा (30) देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले का निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पैकेट ब्राउन शुगर, 1 लाख 49 हजार 300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र में सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर आए कुछ लोग बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे एक कार और मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के दुबराजपुर थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर लेकर आए शेख इस्ताजुल और मीर समद को काले रंग की हुंडई आई टेन कार के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं स्थानीय स्तर पर खरीदारी के लिए पहुंचे नीरज कुमार महथा और रोहित कुमार को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नीरज कुमार महथा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं रोहित कुमार साइबर अपराध और एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है।
पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि दुबराजपुर क्षेत्र के सप्लायर पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार सहित अन्य राज्यों में ब्राउन शुगर की आपूर्ति करते थे। बाद में इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय बाजारों में बेचा जाता था।
---------------

