निशिकांत दुबे ने किया नावाडीह-रोहिणी रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन

देवघर, 17 मई (हि.स.)। लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर स्थित नावाडीह-रोहिणी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सुरेश पासवान, मधुपुर के भाजपा नेता गंगा नारायण सिंह, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह ओवरब्रिज क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और आम जनता की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस पुल के चालू होने से देवघर से एम्स देवघर और अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।

सांसद ने इस परियोजना के लिए अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प के तहत गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 तक देवघर में बड़े स्तर पर विकास कार्य नहीं हुए थे, लेकिन वर्ष 2009 में सांसद बनने के बाद एक स्पष्ट विजन के साथ देवघर और पूरे गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास की शुरुआत की गई। सांसद ने बताया कि जल्द ही संथाली और आरोग्य भवन ओवरब्रिज परियोजनाओं पर भी कार्य शुरू किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने सुरेश पासवान और राज्य सरकार से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि जसीडीह के लिए भूमि उपलब्ध करा दी जाए, तो जसीडीह रेलवे स्टेशन का और व्यापक विस्तार किया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अभयानंद झा, पंकज सिंह भदौरिया, गंगा नारायण सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर