समाहरणालय में खुला सहायता केंद्र, दिव्यांग और वृद्धों के बीच बंटी परिसंपत्ति

रामगढ, 27 जून (हि.स.)। प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। समाहरणालय पहुंचने के बाद उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित मार्गदर्शन के लिए नवनिर्मित सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।

इसके बाद समाहरणालय स्थित जन शिकायत कोषांग का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि डीसी की अनूठी पहल से इस कोषांग के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का निपटारा मात्र एक सप्ताह के भीतर किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उपस्थित एक लाभुक से बातचीत की और फीडबैक लिया। लाभुक ने हर्ष के साथ बताया कि उसकी समस्या का समाधान महज एक सप्ताह के भीतर ही जिला प्रशासन ने कर दिया है। जनता के इस सकारात्मक फीडबैक और इस त्वरित कार्यप्रणाली पर आयुक्त ने गहरी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया।

समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को पंजी-2 के भौतिक और डिजिटल संरक्षण को लेकर कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन पंजी के रख-रखाव और तकनीकी सुधार के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। इसके साथ ही राजस्व संसाधन और राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की गई।

भूमि संबंधी अनियमितताओं पर उन्होंने अवैध जमाबंदी को रद्द करने के लंबित मामलों की समीक्षा की और इसमें तेजी लाने को कहा। साथ ही, सरकारी जमीनों पर से अतिक्रमण हटाने और नए अतिक्रमण पर पूर्णतः रोक लगाने के सख्त निर्देश दिया।

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन को हर हाल में रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने विभाग की ओर से अब तक दर्ज की गई प्राथमिकियों और की गई दंडात्मक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली और टास्क फोर्स को अधिक सक्रिय करने को कहा।

शराब की अवैध बिक्री, तस्करी और मिलावटखोरी के खिलाफ उत्पाद विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने राजस्व संग्रह बढ़ाने और अवैध ठिकानों पर निरंतर छापेमारी करने की बात कही।

वहीं मानसून को देखते हुए जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद को शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर निकाय क्षेत्र में राजस्व संग्रहण के लक्ष्यों को ससमय पूरा करने की निर्देश दी गई।

परिवहन विभाग को नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से स्कूल बसों की सुरक्षा और फिटनेस की जांच करने तथा एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान आयुक्त विजय कुमार गुप्ता और डीसी ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर और सभा कक्ष में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने दिव्यांग जनों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने पात्र दिव्यांग जनों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र सौंपा।

---------------

   

सम्बंधित खबर