एनएसयूआई हमेशा से छात्रों के अधिकारों की लड़ती रही है लड़ाई : बादल
- DSS Admin
- May 31, 2026
देवघर, 31 मई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष रवि वर्मा के नेतृत्व में सारवां प्रखंड के डकाय पंचायत में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डकाय पंचायत के मुखिया मुबारक अंसारी मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन नवनियुक्त सारवां प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार रवानी ने किया। बैठक के दौरान देवघर जिला एनएसयूआई की ओर से नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार रवानी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने उन्हें माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
मौके पर पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा से छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवघर जिला एनएसयूआई सारवां प्रखंड के प्रत्येक पंचायत में संगठन को मजबूत करेगी और छात्रों तथा युवाओं की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे हर समय सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
जिला अध्यक्ष रवि वर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सारवां प्रखंड सहित पूरे जिले में किसी भी छात्र को शिक्षा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी।
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार रवानी ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश एवं जिला नेतृत्व द्वारा जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सारवां प्रखंड की सभी पंचायतों में संगठन का विस्तार करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान एनएसयूआई की नीतियों और छात्रहित में किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर तीन दर्जन से अधिक युवाओं एवं छात्रों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इससे संगठन को क्षेत्र में और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर जिला महासचिव मनीष कुमार, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार, राजन रवानी, नंदू यादव, ललन राणा, पवन रवानी, सुमन राणा, भोला पासवान, सरलू पासवान, राजेश पासवान, सन्नी मुर्मू, सुनील हांसदा, अजीत सोरेन, किसुन सोरेन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।
---------------

