व्यवसायिक शिक्षकों ने मांगा बकाया मानदेय, समर्थन में सड़क पर उतरा जेएलकेएम

रांची, 12 मई (हि.स.)। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने राज्य के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षकों के 13 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी रांची में प्रदर्शन किया। मोराबादी स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाल सरकार एवं संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकली पदयात्रा को पुलिस ने शहीद चौक के पास रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिला स्कूल मैदान पहुंचे। हालांकि कुछ देर बाद सभी फिर अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़े, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी हुई।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि व्यवसायिक प्रशिक्षक लगातार विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन 13 महीनों से मानदेय भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।

झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश ने कहा कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन करने वालों में उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो, कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार आदि थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर