कक्षा चलने के दौरान स्कूल की छेत का हिस्सा गिरा, शिक्षिका की सूझबूझ से चार बच्चों की बची जान
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
जलपाईगुड़ी, 02 जुलाई (हि. स.)। जिले के धूपगुड़ी महकमा अंतर्गत मागुरमारी-2 ग्राम पंचायत के जलढाका गिरिबर प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को कक्षा चलने के दौरान अचानक स्कूल की छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। शिक्षिका की तत्परता के कारण चार विद्यार्थियों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अभिभावकों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कक्षा चल रही थी, तभी अचानक कक्षा की छत से कंक्रीट का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कक्षा में मौजूद शिक्षिका ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं का आरोप है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। इससे पहले भी छत से कंक्रीट के छोटे-छोटे टुकड़े गिरते रहे हैं। इस संबंध में कई बार लिखित रूप से स्कूल निरीक्षक कार्यालय और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की सूचना पाकर बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और प्रशासन की कथित लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यदि इस हादसे में किसी बच्चे की जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
धूपगुड़ी के बीडीओ सोमनाथ हलदार ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी स्कूल निरीक्षक को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल भवन की मरम्मत एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।
---------------

