रांची, 29 जून (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की ओर से केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल में 24 गबन गिनाने पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झामुमो और उसकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस एवं राजद अगर गबन और घोटालों पर दूसरों को उपदेश दें तो यह हास्यास्पद नहीं तो क्या है। उन्होंंने कहा कि जो पार्टी खुद गबन और घोटाले की जनक हो। उनकी सहयोगी दलों का राजनीतिक इतिहास भी घपले घोटालों से कोना-कोना भरा है। ऐसी पार्टी को तो हर जगह यही सब दिखेगा।
बाउरी ने कहा कि चंद करोड़ रुपए के लिए किस पार्टी ने अलग राज्य आंदोलन को बेचने का काम किया, यह किसी से छिपा नहीं है।
साथ ही उन्होंने भाजपा को भारतीय गबन पार्टी बताने पर कहा कि झामुमो को पहले अपने गिरेबान और राजनीतिक अतीत में झांकने की ज़रूरत है। भाजपा क्या है, यह प्रमाण पत्र एक लुटेरी पार्टी से लेने की जरूरत नहीं है।
झामुमो का असली मतलब जमकर मुद्रा मोचन पार्टी
उन्होंने कहा कि झामुमो का असली मतलब जमकर मुद्रा मोचन पार्टी है।
बाउरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने 12 साल के कार्यकाल में जो स्वर्णिम अध्याय लिखा है वह झामुमो और उसकी सहयोगी दलों को कभी दिख नहीं सकता है। उसका भी प्रमाण पत्र भाजपा को इन विकास विरोधी एवं परिवारवादी दलों से नहीं चाहिए। लगातार एक के बाद कई राज्यों में पार्टी का विस्तार और तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपकर जनता मोदी सरकार के ऐतिहासिक कार्यों पर मुहर लगा रही है।
बाउरी ने कहा कि झामुमो को केंद्र की फिक्र छोड़ पहले अपने वादों के बारे में जनता को बतानी चाहिए। हर साल 05 लाख नौकरी का क्या हुआ, झारखंड में पेपर लीक पर इनकी जुबान क्यों नहीं खुलती। भाजपा ने कहीं कोई गड़बड़ी सामने आने पर त्वरित कार्रवाई की है। झारखंड सरकार की तरह उन गड़बड़ियों पर पर्दा डालने, छिपाने और उसमें सहभागी बनने का कुकृत्य तो नहीं किया गया। नरेंद्र मोदी सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं कर सकती है, जबकि झामुमो, कांग्रेस और राजद ने भ्रष्टाचार को शिष्टाचार के रूप में अंगीकार कर लिया है। झामुमो के नेता के मुंह से भ्रष्टाचार, गबन, घोटाला पर उपदेश शोभा नहीं देता।
---------------

