रांची, 13 मई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के नेता जेपी पांडेय ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हैं और इससे देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
जय प्रकाश पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय से परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने, पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार जरूरी है।
पांडेय ने कहा कि मेडिकल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि योग्य विद्यार्थियों को ही अवसर मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से छात्रों और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
---------------

