रेलवे साइडिंग में रोजगार को लेकर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
- DSS Admin
- May 17, 2026
चतरा, 17 मई (हि.स.)। टंडवा के शिवपुर रेलवे साइडिंग में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर रविवार को हाण्डु गांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीणों ने एनसीसी और वैरियंट कंपनी पर स्थानीय प्रभावित परिवारों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की जमीन, जल, जंगल और पर्यावरण पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही चतरा जिला प्रशासन के उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और कंपनियों की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और रेलवे साइडिंग में ट्रांसपोर्टिंग व लोडिंग कार्य पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सीसीएल और संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनियों की होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि साइडिंग में चल रहे कार्यों से क्षेत्र में धूल और प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अपनी जमीन और सेहत की कीमत पर कंपनियों को मुनाफा नहीं कमाने देंगे। हक नहीं मिला तो चक्का जाम तय है।
बैठक में उमेश कुमार गंझू, राजेश गंझू, कामेश्वर गंझू, लखन गंझू, उगदेव गंझू, महेंद्र गंझू, दीपक गंझू, रघुनाथ गंझू, अर्जुन गंझू, रीता देवी, फुखली देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता लोकनाथ गंझू और संचालन उत्तरी जिला परिषद सदस्य देवन्ती देवी और इंटक के सिमरिया अनुमंडल प्रभारी सह मुखिया सुबेश राम ने संयुक्त रूप से किया।
---------------

