देवघर, 18 मई (हि.स.)। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर प्रवास के दौरान सोमवार को अपने निजी आवास शिव धाम में अंतरराष्ट्रीय गोल शॉट बॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर दर्जनों खिलाड़ी, पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित थे। सांसद आवास शिव धाम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में निशिकांत दुबे ने गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय गोल शॉट बॉल खिलाड़ियों और संबंधित पदाधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को माला पहनाकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि देवघर और झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उनसे जो भी सहयोग संभव होगा, वह हरसंभव सहायता करेंगे।
सांसद के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित खिलाड़ियों ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सहयोग और प्रोत्साहन उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
समारोह के दौरान खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
---------------

