स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में देवघर में बैठक
- DSS Admin
- May 12, 2026
देवघर, 12 मई (हि.स.)। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल स्वरूप देने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत राज्य मुख्यालय की तीन सदस्यीय टीम देवघर पहुंची।
इस क्रम में सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को दो पालियों में विभाजित किया गया। प्रथम पाली में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड डेटा मैनेजर एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए।
वहीं दूसरी पाली में जिले के सभी निजी अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लिनिक के निदेशक एवं प्रबंधकों के साथ चर्चा की गई।
राज्य मुख्यालय से प्रभात गिरी, सॉफ्टवेयर कंपनी के कृति नारायण सिंह तथा भारत संचार निगम लिमिटेड के पुनीत कुमार बैठक में उपस्थित रहे।
सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिया गया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के सभी मानकों को शीघ्र लागू किया जाए।
जिला नोडल पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल के लैब को जल्द ही डिजिटल किया जाएगा तथा फार्मेसी को अपग्रेड करने की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल, पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सदर अस्पताल में भारत संचार निगम द्वारा वाई-फाई सुविधा स्थापित कर दी गई है। सॉफ्टवेयर कंपनी के प्रतिनिधि अगले तीन दिनों तक जिले में रहकर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण देंगे, ताकि डिजिटल प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के संयुक्त निदेशक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना और आयुष्मान भारत योजना की राशि का समुचित उपयोग करते हुए आवश्यक मानव संसाधन एवं सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ के के सिंह सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
---------------

