रांची, 12 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल रांची में मंगलवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हमारी नर्सें, हमारा भविष्य थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को उनके समर्पण, सेवा भावना और मरीजों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मरीजों की देखभाल, उपचार और आपातकालीन सेवाओं में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मी दिन-रात सेवा देकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में अहम योगदान देते हैं। यदि नर्सिंग कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और सम्मान मिलेगा तभी स्वस्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
समारोह में मरीजों की बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय कार्य करने वाली नर्सों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. तवा रिजीवि, डॉ. आर.के. जायसवाल, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह, जिला लेखा प्रबंधक तारापद कोइरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
---------------

