बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता : डीसी

रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। शिक्षा विभाग ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर शुक्रवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक में जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डीसी ने जिले के सभी प्रखंडों में संचालित सरकारी विद्यालयों की स्थिति, नामांकन, विद्यार्थियों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की समीक्षा किया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए एवं खराब प्रदर्शन वाले स्कूल क्षेत्र के बीपीओ पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यार्थियों को सरकार की ओर से चल रही योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में डीसी ने यूडैश रैंकिंग और अपार स्टेटस की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग में सुधार लाने और अपार आईडी जनरेशन के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न स्कुलों में बीआरपी और सीआरपी की ओर से किए जा रहे मॉनिटरिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने फील्ड विजिट और निरीक्षण में और अधिक सक्रियता बरतने की हिदायत दी।

डीसी ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और भवनों की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय व्यवस्था, खेलकूद गतिविधियों और डिजिटल शिक्षा से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें और बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर