मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियार बरामद, बंकर ध्वस्त, दो किलो संदिग्ध मॉर्फिन जब्त

इम्फाल, 17 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में विभिन्न स्थानों पर चलाए गए अभियानों में एक संदिग्ध उग्रवादी को गिरफ्तार किया, 14 बंकरों को ध्वस्त किया तथा दो किलोग्राम संदिग्ध मॉर्फिन के साथ दो महिलाओं को पकड़ा।

सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले के खुराई पुथिबा लैकाई निवासी युमनाम सैत्याजित मंगांग (36) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक .22 कैलिबर रिवॉल्वर और .22 कैलिबर की नौ जिंदा गोलियां बरामद की गईं।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने मोगकोट चेपू-पाटलिजांग पहाड़ी क्षेत्र में पांच तथा लुंगफू जंक्शन-इंडस्ट्रियल एस्टेट सेंटर पहाड़ी क्षेत्र में नौ बंकरों को ध्वस्त कर दिया। इनमें से एक स्थान से 5.56 मिमी के दो खाली कारतूस भी बरामद हुए।

इसी दौरान इम्फाल पश्चिम जिले के अलग-अलग स्थानों से प्रतिबंधित आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मुतुम मोहेन सिंह (29) और सनायाइमा लीचोम्बाम उर्फ क्विंटन उर्फ लीरंगजाओ उर्फ लीरेंगबी (50) के रूप में हुई है।

नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग दो किलोग्राम संदिग्ध मॉर्फिन बरामद की। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान होइनेइलहिंग (32) और चिन्नेइवाह (25) के रूप में हुई है। दोनों ता. खोनोमफाई गांव की निवासी हैं।

पुलिस ने सभी मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है।

------------

   

सम्बंधित खबर