रामगढ़ में 28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान

वर्कशॉप में शामिल चिकित्सा पदाधिकारी

रामगढ़, 12 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस को लेकर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। 28 से 30 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने इस कार्यक्रम को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में बताया गया कि अभियान के तहत 0 से 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

बैठक के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ सुधानन्द ने उपस्थित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एसटीटी, बीटीटी और सामुदायिक स्वास्थ्य समन्वयकों को पोलियो उन्मूलन, टीकाकरण की रणनीति एवं शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी प्रखंडों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता करने, व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने एवं स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिया गया।

मौके पर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बूथों की संख्या और आवश्यकता के अनुरूप बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार सामग्री की उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी प्रतिभागियों से अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर