रामगढ़, 04 जून (हि.स.)। उत्तरी छोटानागपुर पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन रामगढ़ जिले में होगा। 11 से 13 जून तक आयोजित होने वाली इस खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी रामगढ़ पुलिस प्रशासन करेगा। उत्तरी छोटानागपुर पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के अध्यक्ष हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। संगठन सचिव के रूप में रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत रहेंगे। वे खुद मेजबान की भूमिका में शामिल होंगे।
11 से 13 जून तक रामगढ़ में होने वाली इस खेल कूद प्रतियोगिता में चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और रामगढ़ जिले के पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। सिद्धू-कान्हू मैदान में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सत्र निर्धारित किया गया है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि रामगढ़ शहर के फुटबॉल ग्राउंड, राधा गोविंद विश्वविद्यालय और श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के खेल मैदान को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया गया है। तीन दिनों तक आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिता में अलग-अलग स्थान पर अलग-अलग समय में खेल का प्रदर्शन होगा।
प्रतियोगिता में लगभग 05 जिलों के 500 लोग मौजूद रहेंगे। इस खेलकूद प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट, कबड्डी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल जैसे खेल का प्रदर्शन होगा। विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। 13 जून को कार्यक्रम का समापन सत्र निर्धारित किया गया है।
---------------

