भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार बनकर उभरा, अमेरिका को पछाड़ा
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। भारत ने वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में संयुक्त राज्य अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। भारत ने 155 गीगावाट की उल्लेखनीय सौर ऊर्जा स्थापित क्षमता का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे देश के 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता लक्ष्य को प्राप्त करने और निर्धारित समय से पहले अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) को पूरा करने में मदद मिली है। अब इस क्षेत्र में चीन भारत से आगे है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बुधवार को केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक्स पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार बनकर उभरा है, जिसने 2025 में वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि देश की स्वच्छ ऊर्जा की तीव्र वृद्धि को दर्शाती है, जो कुशल, विश्वसनीय और टिकाऊ सौर अवसंरचना सुनिश्चित करने में सहायक है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी प्रमुख पहल लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं, जिसके तहत 40 लाख से अधिक परिवार पहले ही छत पर सौर ऊर्जा से जुड़ चुके हैं।
---------------

