रांची विश्वविद्यालय ने शुरू किया वीडियो पॉडकास्ट ‘वॉयस ऑफ आरयू’, हर सप्ताह होगा प्रसारण
- DSS Admin
- May 23, 2026
रांची, 23 मई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक नई और अभिनव पहल करते हुए कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा के नेतृत्व में वीडियो पॉडकास्ट ‘वॉयस ऑफ आरयू’ की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और शैक्षणिक विचारों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना है।
इस कार्यक्रम के तहत 19 मई 2026 को रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन के अत्याधुनिक स्टूडियो में पहले एपिसोड की रिकॉर्डिंग की गई। यह पॉडकास्ट विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है और इसे सभी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रसारित किया जा रहा है।
पहले एपिसोड में कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग के आह्वान पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग अत्यंत आवश्यक है और विश्वविद्यालय स्तर पर भी इसके लिए कई प्रयास किए जा सकते हैं।
इस साक्षात्कार का संचालन रांची विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) डॉ. स्मृति सिंह ने किया, जिन्होंने एक विशेष प्रश्नावली के माध्यम से कुलपति से विभिन्न विषयों पर बातचीत की।
कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय राज्य का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान है, इसलिए इसकी उपलब्धियों, शोध कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों का व्यापक प्रसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन में अत्याधुनिक स्टूडियो और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग नियमित रूप से किया जाएगा।
कुलपति शर्मा ने यह भी बताया कि अब ‘वॉयस ऑफ आरयू’ के तहत हर सप्ताह नियमित रूप से पॉडकास्ट रिकॉर्ड किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विशेषज्ञ, पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के जानकारों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, ताकि विविध विषयों पर सार्थक संवाद हो सके।
इस पॉडकास्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय से जुड़े शैक्षणिक विषयों, सूचनाओं, करियर मार्गदर्शन, नवाचार और विशेष अवसरों से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन के निदेशक डॉ. बसंत कुमार झा, शिक्षक संतोष उरांव, पी.एस. तिवारी, मनोज कुमार शर्मा, निरंजन कुमार और शुभमय भट्टाचार्य सहित कई शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।-------------

