रिम्स परिसर में जीण माता समिति ने लगाया शीतल पेय वितरण शिविर
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
रांची, 09 जून (हि.स.)।
भीषण गर्मी और लू से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची की ओर से मंगलवार को रिम्स अस्पताल के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में निःशुल्क शीतल पेय वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक सेवा कार्य संचालित करते हुए मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल कर्मियों और राहगीरों को शीतल शरबत वितरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सैकडों लोगों ने शीतल पेय ग्रहण कर गर्मी से राहत प्राप्त की। विशेष रूप से रिम्स में दूर-दराज क्षेत्रों से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को इस सेवा का लाभ मिला। अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस चालक और अन्य आगंतुक भी इस पहल से लाभान्वित हुए।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनसेवा ही संगठन का प्रमुख उद्देश्य है और भविष्य में भी जरूरतमंदों के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में संगीता अग्रवाल, नेहा सिंघानिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------

