चेंबर के बिजनेस एक्सचेंज उप समिति की बैठक में व्यापारिक नेटवर्क को सशक्त बनाने का निर्णय

रांची, 20 जून (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीई) की बिजनेस एक्सचेंज उप समिति की बैठक शनिवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य चैंबर सदस्यों के बीच व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और नए व्यावसायिक अवसरों का सृजन करना था।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारियों और उद्यमियों ने भाग लेकर अपने व्यवसाय का परिचय दिया, अनुभव साझा किए तथा व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के साथ संपर्क विवरण साझा किए, जिसका सकारात्मक परिणाम बैठक के दौरान ही देखने को मिला। कई व्यापारियों को नए व्यावसायिक ऑर्डर प्राप्त हुए और संभावित साझेदारियों पर सहमति बनी।

बैठक में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डिजिटल मार्केटिंग की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई। सदस्यों की सहमति से चैंबर की ओर से जल्द ही डिजिटल मार्केटिंग विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यशाला में विशेषज्ञ ऑनलाइन मार्केटिंग, ब्रांडिंग, सोशल मीडिया प्रचार, ग्राहक विस्तार और आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियों से संबंधित जानकारी साझा करेंगे।

चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने सदस्यों को अपने व्यापारिक फ्लायर और प्रचार सामग्री एक-दूसरे के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और समन्वय के माध्यम से स्थानीय व्यवसायों को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने सदस्यों से अपने नेटवर्क का उपयोग कर एक-दूसरे के उत्पादों और सेवाओं को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का आग्रह किया।

राम बांगड़ ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाली अगली बैठक में राज्य के सभी प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे बिजनेस एक्सचेंज अभियान को राज्यव्यापी स्वरूप मिलेगा और विभिन्न जिलों के व्यापारियों के बीच नेटवर्किंग के नए अवसर विकसित होंगे।

बिजनेस एक्सचेंज उप समिति के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि चैंबर अपने सदस्यों के व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई पहल कर रहा है। इसी कड़ी में जल्द ही ‘पधारो म्हारो प्रतिष्ठान’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य चैंबर सदस्यों के प्रतिष्ठानों को एक-दूसरे से जोड़ना, उनके व्यवसाय का प्रचार-प्रसार करना और व्यापारिक सहयोग के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

बैठक में शामिल व्यापारियों ने चैंबर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ नए उद्यमियों को भी व्यवसाय विस्तार का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।

बैठक में चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, उप समिति अध्यक्ष अमित मिश्रा, तेजविंदर सिंह, अविनाश सिंह, अमित मोदी, रमेश साहू, रमा शंकर, नूतन सरावगी, राजेश जायसवाल, रमन बगड़िया, रौनक टेकरीवाल, विशाल जैन, शशांक राज, दिलीप सिंह, ज्योति सिंह, प्रियंक भगत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित थे।

------------

   

सम्बंधित खबर