विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
रांची, 22 जून (हि.स.)।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को सफल बनाने के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) की देखरेख में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों, समय-सीमा, प्रपत्रों के संधारण और घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र (ईएफ) का वितरण और संग्रहण कार्य किया जाएगा। वक्ताओं ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें और पूर्व मुद्रित गणना प्रपत्रों का वितरण करें। इसके बाद निर्धारित अवधि के भीतर मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्रों का संग्रहण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने मतदाताओं से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण में प्राप्त प्रपत्रों के समुचित संधारण एवं प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
---------------

