उपायुक्त ने ट्रॉमा सेंटर और सदर अस्पताल में 20 बेड के इमरजेंसी वार्ड बनाने का दिया निर्देश
- DSS Admin
- Jul 01, 2026

रामगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को डीसी ऋतुराज ने पटेल चौक स्थित ट्रॉमा सेंटर, रामगढ़ प्रखंड कार्यालय के समीप निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना, निर्माण कार्यों की प्रगति और भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पटेल चौक स्थित ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, भवन की स्थिति, आवश्यक उपकरणों और संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए ट्रॉमा सेंटर का संचालन शुरू किया जाए। ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
डीसी ने रामगढ़ ब्लॉक के समीप निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था और संबंधित अभियंताओं को गुणवत्ता के साथ तीव्र गति से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन का निर्माण शीघ्र समाप्त कर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जा सके।
डीसी ने सदर अस्पताल में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के रामगढ़ दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों पर संबंधित अभियंताओं की ओर से तैयार किए गए विकास कार्यों के मानचित्र (मैप) काे देखा।
डीसी ने सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड की वर्तमान क्षमता बढ़ाकर 20 बेड करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि इमरजेंसी सेवाएं अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित हों।
---------------

